[ad_1]

नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के बागियों ने पार्टी प्रत्याशियों का खेल बिगाड़ दिया। प्रदेश के कई जिलों में नगर पंचायत अध्यक्ष से लेकर पार्षद तक भाजपा के बागी चुनाव चुनाव जीते हैं। बुलंदशहर में अनूपशहर नगर पालिका पर भाजपा के बागी ब्रजेश गोयल ने करीब चार हजार वोट से जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार ब्रिजेश शर्मा को हराया।
झांसी में एरच नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के बागी जयचंद राजपूत ने जीत दर्ज की। वहीं, मोंठ नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की बागी मीरा देवी विजयी रहीं।
निकाय चुनाव में टूंडला सीट पर सभी दलों के प्रत्याशियों को पछाड़ते हुए भाजपा के बागी निर्दलीय प्रत्याशी भंवरसिंह ठेकेदार ने नगर पालिका परिषद की सीट पर कब्जा कर लिया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के दीपक राजौरिया को 321 मतों से पराजित किया।
बागपत की अमीनगर सराय में भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर बागी हुई निर्दलीय प्रत्याशी सुनीता मलिक को जीत मिली।

नंदी के वार्ड में भाजपा हारी

योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी के वार्ड में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। नंदी के वार्ड संख्या 80 मोहित्समगंज में भाजपा से प्रत्याशी विजय वैश्य तीसरे स्थान पर रहे। निवर्तमान मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने ठाकुरदीन जूनियर हाईस्कूल में मतदान किया और यहां के दोनों ही बूथों पर भाजपा को शिकस्त का सामना करना पड़ा। यहां भाजपा की बागी कुसुमलता ने चुनाव जीता। कुसुमलता को नंदी खेमे का माना जाता है।

उच्च शिक्षा मंत्री का वार्ड भी हारे

आगरा नगर निगम चुनाव में भाजपा के दिग्गज भी अपनी प्रतिष्ठा नहीं बचा सके। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, नगर निगम चुनाव के संयोजक विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, राज्यसभा सांसद हरद्वार दुबे के वार्डों में भी पार्टी के प्रत्याशी हार गए हैं। इसके साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाहा के पुत्र अमरेश भी चुनाव हार गए।

धाकरान वार्ड 76 में निर्दलीय प्रत्याशी ने चुनाव जीता है। यह उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का वार्ड है। राज्यसभा सांसद हरद्वार दुबे के वार्ड 24 में भी भाजपा की हार हुई है। नगर निगम के चुनाव संयोजक डॉ. जीएस धर्मेश के वार्ड 19, भाजयुमो ब्रज क्षेत्र के महामंत्री गौरव राजावत के वार्ड में भी पार्टी प्रत्याशी की हार हुई है। यहां तक कि जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह के पुत्र अमरेश ने नगला पदी वार्ड नंबर 73 से चुनाव लड़ा था। वह भी चुनाव हार गए। यहां बसपा प्रत्याशी जीता है। लखीमपुर खीरी में भाजपा की बागी निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. इरा श्रीवास्तव ने भाजपा की पुष्पा सिंह को हरा दिया।

छोटे दलों के चुनाव परिणाम

सुभासपा :
बड़ी संख्या में जीत का दावा कर रही सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) सिर्फ बलिया की रतसड़ नगर पंचायत की अध्यक्ष की ही सीट जीत पाई है। हालांकि पार्टी ने 7 नगर निगम में मेयर और नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के अध्यक्ष के 200 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे , लेकिन जीत सिर्फ एक ही नगर पंचायत सीट पर मिली है। जबकि 12 नगर पंचायत में दूसरे स्थान पर रही है। इसके अलावा बलिया, बस्ती, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, अंबेडकरनगर, कुशीनगर देवरिया आदि जिलों में पार्टी के 30 से अधिक पार्षद जीते हैं।

आम आदमी पार्टी : आम आदमी पार्टी (आप) ने पहली बार निकाय चुनाव में अपना खाता खोलते हुए रामनगर, स्योहर (बिजनौर) और खैर (अलीगढ़) नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के अलावा 7 नगर पंचायत अध्यक्ष की सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके अलावा गाजियाबाद, कानपुर, अयोध्या और झांसी नगर निगम समेत कई निकायों में बड़ी संख्या में पार्टी द्वारा उतारे गए पार्षद भी चुनाव जीते हैं।

आजाद समाज पार्टी : निकाय चुनाव में पहली बार उतरे आजाद समाज पार्टी (आसपा) ने मेयर या अध्यक्ष के पद पर चुनाव नहीं लड़ा था, लेकिन मथुरा, सहारनपुर नगर निगम समेत कई निकायों में पार्षद के पदों पर उम्मीदवार उतारे थे। आसपा के दो दर्जन से अधिक पार्षदों ने चुनाव जीतकर निकाय चुनाव में खाता खोला है।

अपना दल (एस) : निकाय चुनाव में अपना दल (एस) को समझौते में कुल चार सीटें मिली थीं। इनमें दो नगर पालिका परिषद और दो नगर पंचायतें शामिल हैं। इनमें से पार्टी ने स्वार (रामपुर) नगर पालिका परिषद और मंधाता (प्रतापगढ़) नगर पंचायत में अध्यक्ष की सीट पर जीत दर्ज की है। जबकि मऊरानीपुर (झांसी) नगर पालिका परिषद और कटरा गुलाब सिंह (प्रतापगढ़) सीट पर पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा है। पार्टी ने पार्षद सीट पर चुनाव नहीं लड़ाया था।

भाजपा के पांच मुस्लिम प्रत्याशी नगर पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित

नगर निकाय चुनाव में भाजपा के पांच मुस्लिम प्रत्याशी नगर पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुवर बासिल अली ने बताया कि पार्टी ने नगरी निकाय चुनाव में 395 मुस्लिम प्रत्याशियों को टिकट दिया था। शनिवार देर शाम तक आए नतीजों में पांच मुस्लिम प्रत्याशी नगर पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।

कुंवर बासित अली ने कहा कि कांग्रेस-सपा-बसपा जैसे दलों ने मुसलमानों के मन में भाजपा के प्रति तमाम तरह की शंकाएं पैदा की थीं। लेकिन मुसलमानों ने 2014 से लेकर अब तक यही देखा कि उसके साथ कोई भेदभाव नहीं हो रहा है। बल्कि सभी कल्याणकारी योजनाओं में वह आबादी में अपने अनुपात से ज्यादा हिस्सा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम बहुल सीटों पर भी भाजपा की जीत इस बात का संकेत है कि अल्पसंख्यकों के मन में भाजपा को लेकर तमाम आशंकाएं समाप्त हो गई हैं। अब वे अपने विकास के लिए भाजपा को वोट कर रहे हैं। र भाजपा के प्रति उसके मन में अफवाह फैलाने वालों की राजनीतिक दुकान बंद हो गई है।

हरदोई जिले की गोपामऊ हरदोई नगर पंचायत अध्यक्ष पर वली मोहम्मद, सहारनपुर की चिल्लकाना नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर फूल बानो, संभल की सिरसी नगर पंचायत में अध्यक्ष कौसर अब्बास, बरेली की धौरा टांडा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर नदीमुल हसन और मुरादाबाद की भोजपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर फ़र्ख़न्दा ज़बी ने जीत दर्ज की है। गोरखपुर नगर निगम से भाजपा की पार्षद प्रत्याशी हकीकुन निशा ने चुनाव जीता है। अमेठी से वार्ड पार्षद के लिए भाजपा उम्मीदवार जैबा खातून ने भी विजय हासिल की। नगर पंचायत सिवालखास के वार्ड 5 से भाजपा की मुस्लिम प्रत्याशी शहजाद, नगर पंचायत सिवालखास के वार्ड 3 से भाजपा प्रत्याशी रुखसाना ने चुनाव जीता।

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें