कैसरगंज नगर पंचायत में बुधवार रात घर के सामने आग ताप रही एक महिला को अज्ञात हमलावर ने सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग गया। थाने से मात्र पांच सौ मीटर दूर हुई वारदात से हड़कंप मच गया। आनन-फानन महिला को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां पर परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
कैसरगंज थाना क्षेत्र में स्थित कैसरगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर दस डिहवा के रहने वाले राजू की पत्नी गुड़िया (30 वर्ष) बुधवार की शाम घर के बाहर अलाव ताप रही थी। तभी अचानक एक अज्ञात हमलावर उसके पास पहुंचा ओर उसकी कनपटी पर गोली मारकर भाग निकला। फायरिंग की आवाज सुन लोग मौके पर पहुंचे तो सभी के होश उड़ गए। आनन-फानन उसे इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सक बीडी वर्मा ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी पर कैसरगंज थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा व क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध जानकारी ली। वहीं थाने से चंद कदम की दूरी पर हुई वारदात से हड़कंप मचा हुआ है। मृतका की सास साबरा ने बताया कि बहू व बेटा घर से कुछ दूरी पर स्थित किराए के मकान में रहते थे ।
