सेना की अग्निवीर भर्ती में अभ्यर्थियों को झांसे में लेने की कोशिश कर रहे आरोपी नीरेश को पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल को कब्जे में लिया है। इसका डाटा खंगाला जा रहा है। कॉल डिटेल भी निकाली जा रही है। प्राथमिकी पूछताछ में उसने किसी का नाम नहीं लिया है। मगर आशंका है कि उसके साथ कई और लोग हो सकते हैं।
मध्य प्रदेश के निवाड़ी निवासी अभिषेक राजपूत और अनुराग रविवार को अग्निवीर भर्ती में शामिल होने आए थे। वह स्टेडियम के बाहर खड़े थे। तभी आरोपी नीरेश आया था। मेडिकल में पास कराने का झांसा देकर 1 लाख रुपयों की मांग की थी। अभ्यर्थियों ने शक होने पर पुलिस और सैन्य अधिकारियों को जानकारी दी थी। आरोपी को पकड़ लिया गया था। उसके मोबाइल में कई कॉल लेटर की फोटो कापी, कलर विजन बुक और दवाएं मिली थीं। पूछताछ में पता चला था कि वह गांव मदरा, बमरौली कटारा का रहने वाला है। वह गांव में सेना भर्ती की तैयारी कराता है। इसी बीच अग्निवीर भर्ती के लिए आए युवाओं को ठगने के लिए आया था। मगर पकड़ लिया गया।
दो साल से सेना भर्ती की तैयारी करता रहा है नीरेश
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी नीरेश स्नातक पास है। वह दो साल से युवाओं को सेना भर्ती की तैयारी कराता आ रहा है। फिलहाल उसके किसी गिरोह से संपर्क के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। फिर भी उसकी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। यह देखा जा रहा है कि उसने किसी अन्य अभ्यर्थी को शिकार तो नहीं बनाया। अगर कुछ लोगों से बातचीत हुई होगी तो कॉल डिटेल से सामने आ जाएगा। आरोपी के परिचित और अन्य के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।