Agniveer Recruitment: Youth from 13 districts ran for tradesman

अ​ग्निभर्ती रैली में शारीरिक दक्षता में अभ्यर्थी

अमेठी। शहर स्थित डॉ.भीमराव आंबेडकर स्टेडियम परिसर में सेना भर्ती कार्यालय के संयोजन में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली में अग्निवीर बनने का उत्साह भारी दिख रहा है। भर्ती के दूसरे दिन बुधवार को अग्निवीर ट्रेडमैन पद के लिए 13 जिलों के युवाओं ने दौड़ लगाई। अभ्यर्थियों के संबंधित अभिलेख, शारीरिक दक्षता के साथ अन्य प्रक्रियाएं सेना के अफसरों ने पूरी की।

बुधवार को दूसरे दिन दसवीं और आठवीं पास अग्निवीर ट्रेडमैन पद के लिए अमेठी के साथ ही सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, प्रयागराज, कौशांबी, कुशीनगर, महाराजगंज, प्रतापगढ़, रायबरेली, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर के 899 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था।

बुधवार की भोर तीन बजे से ही रैली भर्ती स्थल स्टेडियम परिसर में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई। स्टेडियम परिसर में प्रवेश प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पहले दौड़ कराई गई। इसके बाद नाप जोख, लंबी कूद, बीम व अन्य शारीरिक दक्षताओं का परीक्षण जवानों ने किया।

भर्ती संबंधी अन्य प्रक्रियाएं देरशाम तक चलती रही। इस मौके पर मध्य कमान लखनऊ के लेफ्टीनेंट जनरल मुकेश चड्ढा, व जोनल रिक्रूटिंग आफिसर मेजर जनरल मनोज तिवारी, कर्नल सुनील कुमार मोरे आदि भर्ती स्थल पर मौजूद रहे।

किसी को मैदान की घास आ रही रास तो किसी को दिक्कत

– स्टेडियम के मैदान में दौड़ लगाने वाले कुछ युवाओं को मैदान की घास रास आ रही है तो कुछ को परेशानी हो रही है। इन सबके बीच युवा सेना और प्रशासन की ओर से की व्यवस्थाओं की सराहना कर रहे हैं।

रैली भर्ती में दौड़ में असफल होकर बाहर निकले अभ्यर्थी अकबरपुर आंबेडकर के प्रवेश यादव ने बताया कि सेना की व्यवस्थाएं बहुत बेहतर हैं। भोर में एंट्री करने के बाद 100-100 के ग्रुप में दौड़ कराई गई। बताया कि उन्होंने अपनी प्रैक्टिस सड़क पर जूता पहन कर की थी, ऐसे में मैदान में हरी घास पर जूता पहनकर दौड़ लगाने में कुछ परेशानी आई हालांकि निराशा नहीं है। अगली भर्ती फिर देखेंगे।

प्रयागराज के रजनीश कुमार ने बताया कि दौड़ में असफल हो गए। दौड़ में पर्याप्त समय दिया जा रहा है और सेना के अफसरों का व्यवहार बहुत अच्छा है। कौशांबी के अनिल कुमार ने बताया कि प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के ठहरने के लिए जो व्यवस्थाएं की गई है, अब से पहले किसी भर्ती में देखने को नहीं मिली।

कुशीनगर के सुनील कुमार, प्रयागराज के अजय, विनोद ने बताया कि उनकी दौड़ बृहस्पतिवार को है। उनके साथ आए साथी आज दौड़ में गए हैं, उनकी रेस निकल गई है। स्टेडियम में अन्य परीक्षण चल रहा है। कहा कि प्रशासन की ओर से जो व्यवस्थाएं यहां देखने को मिल रही हैं वह अन्य स्थानों पर नहीं मिलती हैं।

खराब हुई तबीयत तो एसडीएम ने पहुंचाया अस्पताल

अमेठी। मंगलवार देर रात एसडीएम प्रीती तिवारी ने स्टेडियम के बगल स्थित पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय में रुके अभ्यर्थियों का हालचाल लेनेइ पहुंची तो प्रयागराज काटजू रोड निवासी अंकित पांडेय ने पेट दर्द की शिकायत की। एसडीएम ने तत्काल उसे अपनी गाड़ी से सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने भर्ती कर उसका उपचार शुरू किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *