वाराणसी जिले में अंधरापुल के निकट स्थित होटल रीजेंसी में शुक्रवार को अमर उजाला के श्रेष्ठ प्रधान कार्यक्रम में वाराणसी मंडल के 120 प्रधानों को मुख्य अतिथि स्टांप एवं न्यायालय शुल्क, पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसमें दस ऐसे प्रधानों की कहानियां मंच से साझा की गईं जो अन्य गांवों के लिए प्रेरणा बन रही हैं। इस दौरान प्रधानों ने गांव में कराए गए विकास कार्यों और उनकी बनी पहचान को अमर उजाला के मंच से सभी के बीच साझा किया।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि वर्तमान सरकार गांव-गांव तक सड़क, पानी, बिजली सहित सभी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का काम कर रही है। प्रदेश के प्रत्येक गांव में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव के विकास में ग्राम प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
ग्राम प्रधान का दायित्व है कि वह ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों के लिए प्रेरित करे। उन्होंने कहा कि मैं देखता हूं कि कई बार दस एकड़ जमीन का मालिक युवा, ग्रेजुएशन करने के बाद भी सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा है। जबकि वह उन्नत खेती करके कई लोगों को रोजगार दे सकता है और सरकार पूरी मदद कर रही है।
