
मृतक राम सजीवन।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
अमेठी जिले के मुंशीगंज के रामदैपुर में रविवार की रात बरामदे में सो रहे देवर-भाभी पर अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें घायल देवर की मौत हो गई जबकि भाभी की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना की कोई खास वजह सामने नहीं आ सकी है। रामदैपुर निवासी राम सजीवन (55) और उनकी बड़ी भाभी धनराजी (55) घर के बरामदे में सो रहे थे। देर रात करीब डेढ़ बजे बदमाशों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चीख सुनकर जब परिजन बाहर आए तो देखा कि रामसजीवन व धनराजी घायल पड़े हैं। शरीर पर कई वार किए गए हैं। इससे अफरातफरी मच गई। परिजन घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने राम सजीवन को मृत घोषित कर दिया। धनराजी की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
मृतक के बेटे सुनील का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। आशंका है कि रंजिश में उसके पिता की हत्या की गई है। एसपी डॉ. इलामारन जी ने बताया कि अभी तक घटना की कोई वजह सामने नहीं आई है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस टीमों को लगाया गया है।
