Amethi: Network for religious conversion operated through inducements and funding; 10 arrested

गिरफ्तार किए गए आरोपी।
– फोटो : amar ujala

विस्तार

अमेठी सिटी के कमरौली के सिंदुरवा गांव में प्रार्थना सभा की आड़ में कथित धर्म परिवर्तन कराने के मामले में पुलिस ने दस आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी सरवणन टी. ने सोमवार को खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी छह राज्यों में सक्रिय थे। रुपये, मेडिकल और पढ़ाई की सुविधाओं का प्रलोभन देकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करते थे। पुलिस को 12 बैंक खाते मिले हैं। करीब 240 लोगों का धर्म परिवर्तन कराने का दावा किया गया है।


एसपी ने बताया कि 22 नवंबर को कमरौली पुलिस को सिंदुरवा रोड स्थित एक मकान में प्रार्थना सभा के जरिये धर्म परिवर्तन कराने की शिकायत मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां आठ बाहरी और दो स्थानीय लोग मौजूद थे। करीब 20 से 25 लोगों को प्रवचन दिया जा रहा था। पुलिस ने मौके की वीडियोग्राफी कराई। तलाशी के दौरान बाइबिल समेत अन्य धार्मिक पुस्तकें और सामग्री बरामद हुई। कोठी पालपुर स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी अश्विनी पांडेय की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई।

रिवाइवल चर्च के माध्यम से सुविधाएं दिलाने का देते थे भरोसा

एसपी के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करते हैं। रिवाइवल चर्च के माध्यम से रुपये, मेडिकल सहायता और पढ़ाई संबंधी सुविधाएं दिलाने का भरोसा देकर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते थे। आरोपी पहले राजकुमार उर्फ जुवेल के माध्यम से कुछ लोगों से संपर्क कर चुके थे। पुलिस का दावा है कि आरोपी अनुसूचित जाति बाहुल्य गांवों को चिह्नित करते थे। वहां जरूरतमंद परिवारों से संपर्क कर महिलाओं को प्रवचन में शामिल करते थे। शादी और इलाज में मदद का भरोसा भी दिया जाता था।

छह राज्यों में सक्रिय होने का दावा

एसपी के अनुसार आरोपी करीब छह साल से इस गतिविधि में शामिल थे। तमिलनाडु, पंजाब के गुरदासपुर और लुधियाना, झारखंड के सरायकेला, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में उनकी गतिविधियों की जानकारी मिली है। पुलिस का दावा है कि अलग-अलग राज्यों में करीब 240 लोगों का धर्म परिवर्तन कराया गया। इनमें अमेठी के 20 से 25 लोग भी शामिल बताए गए हैं। आरोपी प्रवचन और प्रचार के लिए अलग-अलग राज्यों में जाते थे। धर्म परिवर्तन करने वाले कुछ लोगों के माध्यम से दूसरे परिवारों तक पहुंच बनाने का भी आरोप है।



<!–

–>



Source link