
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का स्वागत करते कांग्रेसी
इन्हौना / मुसाफिरखाना(अमेठी)। उप्र कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि अमेठी से गांधी परिवार का रिश्ता पीढि़यों का है। यह कोई राजनीतिक रिश्ता नहीं है। राहुल गांधी आए न आए, यहां के लोग उनके परिवार से जुड़े हैं। यह परिवार का रिश्ता है। कहा कि अमेठी की जनता की डिमांड है, राहुल गांधी यहां से चुनाव लड़ें।
बृहस्पतिवार को वाराणसी से लखनऊ जाते समय इन्हौना व मुसाफिरखाना में कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का जगह-जगह स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी का अमेठी में जलवा है। घर-घर राहुल गांधी काम किए हैं। कटाक्ष करते हुए कहा कि 13 रुपये वाली चीनी वाली झूठ राहुल गांधी ने नहीं बोला है। राहुल गांधी ने कभी अमेठी के लोगों से गलत नहीं बोला। झूठ बोलकर वोट नहीं लिया। हमेशा ईमानदारी की राजनीति राहुल गांधी ने की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के लोकार्पण कार्यक्रम पर सीधा हमला बोला। अमेठी की जनता अब केंद्रीय मंत्री से पूछेगी 13 रुपये वाली चीनी कहां गई, किसने खा लिया। आलू व टमाटर की महंगाई को लेकर भी घेरा। कहा कि अमेठी की जनता इस बार जवाब देने को तैयार है।
इस दौरान अध्यक्ष प्रदीप सिंघल, पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्र, पूर्व विधायक राधेश्याम धोबी, मनीषा सिंह, सुनीता सिंह, गोविन्द ओझा, आशीष शुक्ला, गुरु प्रसाद तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष राजू ओझा, ब्लॉक प्रमुख सदाशिव यादव, मीडिया प्रभारी अनिल सिंह, महेंद्र तिवारी,धर्मेंद्र शुक्ला, कुलवंत सिंह, मो रफीक वारसी, लतीफ, ब्लाक अध्यक्ष तिलोई कमलेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री आशीष शुक्ला, गोपी वाजपेई,सुरेश त्रिवेदी सहित अन्य मौजूद थे।