अयोध्या-जनकपुर के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह ने रेल सेवा को हरी झंडी दिखा दी है. इस बीच समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने बड़ा दावा किया है.

अवधेश प्रसाद ने कहा, मैं इस पहल का स्वागत करता हूं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा नेपाल के प्रधानमंत्री को दिल से बधाई देता हूं. लेकिन अयोध्या धाम मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की धरती है और यहां की जनता ने मुझे फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र से अपना प्रतिनिधि चुना है. मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि इस परियोजना के महत्व और अयोध्या धाम को जनकपुर से जोड़ने वाली ट्रेन की शुरुआत के बावजूद मुझे न तो आमंत्रित किया गया, न फोन पर इसकी जानकारी दी गई और न ही निमंत्रण पत्र भेजा गया. 

उन्होंने कहा कि यह अयोध्या की उस जनता का अपमान है, जिसने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना है. यह मेरा व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि उन भगवान श्रीराम के भक्तों का अपमान है, जिन्होंने मुझे सांसद चुना है. मुझे इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई और निमंत्रण पत्र क्यों नहीं भेजा गया? संबंधित लोगों को इसका जवाब देना चाहिए.

सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा आज से

बता दें दोनों धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ ट्रेन सेवा आज से शुरू हो गई है..प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस से वर्चुअल माध्यम से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित उद्घाटन समारोह में शामिल हुए.

नई ट्रेन सेवा शुरू होने से अयोध्या और जनकपुर के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी. खासकर राम विवाह उत्सव के दौरान अयोध्या से जनकपुर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा काफी उपयोगी साबित हो सकती है.



Source link