अयोध्या में भीषण धमाका, पांच की मौत... कई घायल

रामनगरी अयोध्या में गुरुवार की शाम एक घर में भीषण विस्फोट हो गया। धमाके के साथ पूरा घर उड़ गया। मलबे में दबकर पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।

घटना नगर पंचायत भदरसा भरतकुंड के महाराणा प्रताप वार्ड के पगलाभारी गांव की है। यहां के निवासी रामकुमार उर्फ पारसनाथ के घर में शाम करीब 7.30 बजे एक तेज धमाका हुआ। धमाके साथ पूरा घर फिल्मी स्टाइल में उड़ गया। घर की दीवारें ताश के पत्तों की तरह ढहीं। धमाके से पूरा इलाका हिल गया।

बताया गया कि रामकुमार गांव के बाहर घर बनाकर रहते थे। वहीं धमाका हुआ है। धमाके की आवाज सुन गांव के लोग मौके की तरफ भागे। वहां का दृश्य देख ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए।

ग्रामीणों ने मलबे में दबे लोगों को निकालना शुरू किया। हाथों में लाशें देख उनके पसीने छूट गए। अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें बच्चे भी शामिल हैं।

जानकारी मिली तो एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ अयोध्या पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना करके घटना की जानकारी ली।

उन्होंने सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की। घायलों का इलाज शुरू किया गया। इनमें तीन बच्चे शामिल हैं। अभी कुछ और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पटाखा बनाते समय विस्फोट हुआ है। हालांकि, घटनास्थल पर गैस की भी बदबू आ रही है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *