आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा खिलाने के आरोपी में गिरफ्तार किए गए हिंदू कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सुशील चौधरी समेत 22 आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। सिविल लाइंस पुलिस ने एक साल पहले 2025 की रात सिविल लाइंस क्षेत्र के एक मकान में छापा मारकर आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने वाले गिरोह का खुलासा किया था। यह सभी आरोपी जमानत पर हैं।
11 अप्रैल 2025 की रात पुलिस और एसओजी ने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पीटीसी रोड स्थित एक मकान में छापा मारा था। पुलिस ने मौके से सिविल लाइंस के दीन दयाल नगर निवासी एवं हिंदू कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सुशील चौधरी, रामगंगा विहार निवासी अभिनव, कोतवाली के जीएमडी रोड जवाहर मार्केट निवासी कौशल कपूर, आबकारी विभाग के पास रहने वाले विपुल, मझोला के शंकर नगर निवासी मनोज अरोरा, मझोला के मिलन विहार निवासी धर्मेंद्र कुमार, सिविल लाइंस के आकाश सोसायटी निवासी रोहित गुप्ता, सिविल लाइंस के दीनदयाल नगर निवासी हेमंत कुमार, नागफनी के किसरौल निवासी मो. शहजादे सलीम को गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने दावा किया था कि गिरफ्तार किए गए लोग आईपीएल मैचों में ऑन लाइन सट्टा खिला जा रहे थे। पुलिस को मौके से 11 मोबाइल, एलइडी, एक पिस्टल, एक रिवाल्वर, 27 कारतूस और करीब 1.46 लाख रुपये की नकदी मिली थी। एसएसआई हरेंद्र कुमार की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में गिरफ्तार किए गए नौ लोगों के अलावा अमित नागपाल, कमलदीप टंडन, राजदीप टंडन, मुकुल गोटेवाला, आशु रस्तोगी, रचित रस्तोगी, विशाल डुडेजा, सुमित उर्फ सन्नी सेठी, टीटू उर्फ दीपक गगनेजा, विक्की छाबडा, कमल छावड़ा, बिन्नी उर्फ गौरव आनंद, साहिल और प्रवीण के नाम विवेचना में बढ़ाए गए थे।
सिविल लाइंस थाने के क्राइम इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ने विवेचना की और 22 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की है। विवेचना में विशाल डुडेजा की संलिप्तता सामने नहीं आने पर उसका नाम निकाल दिया गया है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि करीब 900 पेज की चार्जशीट दाखिल की गई है। सभी आरोपी जमानत पर हैं।
