
पीएनजी पाइपलाइन
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा में रामनवमी की सुबह कन्या पूजन के लिए हलवा, पूड़ी और चने का प्रसाद बनाने के लिए शहर की महिलाएं जब किचन में थीं तो एकाएक पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति बंद हो गई। दयालबाग, बल्केश्वर और अलबतिया क्षेत्र की 25 से ज्यादा कॉलोानियों के हजारों घरों में देवी पूजन के लिए प्रसाद नहीं बन पाया, जिससे महिलाओं को इंडक्शन और पड़ोसियों के घर से एलपीजी सिलिंडर लेना पड़ा, जिससे कन्या पूजन में उन्हें देरी हो गई। सुबह 7:30 से लेकर दोपहर 1 बजे तक आपूर्ति बंद रही। इसके बाद ही कालोनियों में पीएनजी की आपूर्ति बहाल हो पाई।
शहर में जगह-जगह पीएनजी की आपूर्ति में 1-2 नहीं, बल्कि 6 घंटे तक व्यवधान आया। भोर में उठकर कन्या पूजन के लिए प्रसाद बनाने की तैयारी कर रही महिलाओं को तब परेशानी झेलनी पड़ी, जब किचन में रखा चूल्हा लाइटर से जला ही नहीं। कई बार प्रयास करने पर महिलाओं ने पूछताछ की तो पता चला कि सुबह 7 बजे के बाद से ही आपूर्ति ठप हो गई।
दयालबाग के सुदामा बाग, कृष्णा बाग, टैगोर नगर, वीर नगर, राजदीप अपार्टमेंट, विशिष्ट अपार्टमेंट, मोतीबाग, बल्केश्वर क्षेत्र की कॉलोनियों, अलबतिया क्षेत्र की बालाजीपुरम, बालाजी एन्क्लेव, शिव विहार कॉलोनी, जोरावर नगर में पीएनजी की सप्लाई दोपहर तक बंद रही, जिससे न केवल प्रसाद बल्कि कन्या-लांगुरों को भी भोजन कराने में दिक्कतें आईं।
ये भी पढ़ें – किशोर की हत्या: ट्रैक्टर के हैरो से काटा, फिर खेत में दफनाई लाश और ऊपर से कर दी आलू की फसल की बुवाई
इंडक्शन पर बनाया प्रसाद
सुबह पीएनजी ठप होने के बाद महिलाओं ने जैसे-तैसे प्रसाद बनाने की व्यवस्थाएं जुटाईं। किसी ने इंडक्शन का उपयोग कर हलुआ बनाया तो किसी ने बाजार से ही जलेबी और दही मंगवाकर कन्या-लांगुरों को दिया। दयालबाग निवासी राजश्री ने बताया कि 4 चूल्हों पर एक साथ प्रसाद बना लेते थे, पर इंडक्शन से दोपहर 11 बजे तक प्रसाद बन पाया। उनकी तरह सरला चौधरी ने गैस गीजर के सिलिंडर को निकालकर पुराने चूल्हे का इस्तेमाल किया। 9 दिन तक व्रत रहीं रिचा और राखी इंडक्शन चूल्हे पर 12 बजे तक प्रसाद बनाकर कन्या पूजन कर सकीं। ग्रीन गैस कंपनी को शिकायत के बाद जगह-जगह लगे सेफ्टी वॉल्व री-सेट किए गए, तब आपूर्ति बहाल हुई। ज्यादा मांग के कारण पीएनजी आपूर्ति में बाधा बताई गई है।
सेफ्टी सिस्टम बंद होने से दिक्कत
ग्रीन गैस लिमिटेड के पीआरओ विनय भारद्वाज ने बताया कि ‘सुबह अचानक मांग बढ़ने के कारण कुछ क्षेत्रों में गैस की आपूर्ति में व्यवधान आया था, जिसे दोपहर तक ठीक करा लिया गया। सेफ्टी सिस्टम बंद होने से ठप हुई आपूर्ति के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हुई, पर ऐसा अचानक ही हुआ।’