आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोनई के समीप रविवार तड़के करीब तीन बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

कार में कुल सात लोग सवार थे, जो हमीरपुर जनपद के थाना सरीला क्षेत्र के इस्लामपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे में चेतराम पुत्र देशराज और सुखवासी निवासी इस्लामपुर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दुर्घटना में गिरिजा देवी (60) पत्नी चेतराम गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर किया गया है। अन्य घायलों में राजेंद्र (25), अंजलि (26), राजेश और रेशमा देवी (22) शामिल हैं, जिनका उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *