
46 वर्ष की स्मिता श्रीवास्तव ने सबसे लंबे बालों का रिकॉर्ड गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स अपने नाम दर्ज किया
– फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
अध्यात्म और साधु-संतो की नगरी कहे जाने वाले प्रयागराज का नाम अब गिनीज बुक्स ऑफ वर्ल्ड रिकाॅर्ड में भी दर्ज हो गया है। अल्लापुर के लेबर चौहारा की रहने वाली स्मिता श्रीवास्तव ने अपने लंबे बालों के दम पर गिनीज बुक्स ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराकर दुनिया की सबसे लंबे बाल होने का कीर्तिमान गढ़ दिया है। उन्हाेंने अपने बालों को किसी शैंपू का प्रयाेग करके नहीं बढ़ाया है बल्कि वह प्राकृतिक चीजों का प्रयोग करके 7.9 फुट लंबे बाल कर की हैं।
स्मिता श्रीवास्तव मूलरूप से ज्ञानपुर भदोही की करने वाली हैं। वह प्राचीन इतिहास से एमए की हैं और उनकी प्रारंभिक पढ़ाई-लिखाई मिर्जापुर से हुई है। 2001 में उनकी शादी अल्लापुर के रहने वाले सुदेश श्रीवास्तव के साथ हुई। सुदेश एक बिजनेस मैन हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा अथर्व श्रीवास्तव जो नोएडा से बीटेक कर रहा है और छोटा बेटा शाश्वत जो अभी सातवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। स्मिता ने बताया कि 29 नवंबर को उनका नाम गिनीज बुक्स ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में आया।
इसकी खबर लाेगों को लगते ही उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। पास-पड़ोस के लोग भी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के खिताब के साथ फोटो व सेल्फी लेने पहुंच गए। उन्होंने बताया कि 14 वर्ष के आयु के बाद वह कभी भी अपने बालों में कैंची नहीं लगाई और नहीं कभी बालों के लिए पार्लर में गईं। वह अपने लंबे बालों का श्रेय अपनी मां सुशीला को देती हैं। उन्होंने बताया कि 75 साल की उम्र में भी उनकी मां का बाल बेहद खूबसुरत, घने और लंबे हैं। वहीं गिनीज बुक्स ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने के बाद स्मिता अब पद्मश्री अवार्ड पाकर पूरे देश दुनिया में अपना नाम कमाना चाहती हैं।