उरई के गोहन थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मजदूरों की जान चली गई। ग्राम करतलापुर निवासी राजमिस्त्री मुन्ना (35) और उसका साथी कृपाशंकर (40) रोज की तरह काम खत्म कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। बताया गया कि दोनों ग्राम औरेखी में भवन निर्माण कार्य कर रहे थे और रात करीब 10 बजे वापस घर जा रहे थे।
तभी बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 213 के पास मड़ोरा-मड़ोरी के बीच सर्विस रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुन्ना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कृपाशंकर को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
