बदायूं के सैंजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में दो अफसरों की हत्या के आरोपी अजय प्रताप सिंह के ताऊ राकेश सिंह की सील की गईं 27 अवैध दुकानों के मामले में तहसीलदार कोर्ट में बेदखली के लिए वाद दायर कराया गया है। दातागंज के एसडीएम धर्मेंद्र सिंह की ओर से यह मुकदमा दायर हुआ है। राकेश ने ग्राम समाज की जमीन पर ये दुकानें बनाई हैं। वाद दायर कराने के साथ ही 45 लाख 57 हजार रुपये की वसूली के लिए आरसी भी एसडीएम कोर्ट ने जारी की है।
पिछले दिनों प्रशासन ने हत्यारोपी अजय प्रताप सिंह की छह और राकेश सिंह की पांच दुकानों को गिरा दिया था। यह सभी दुकानें हजरतपुर मार्ग किनारे पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाई गई थीं। राकेश ने ग्राम समाज की जमीन पर भी 27 दुकानें बनवा ली थीं। इससे वह हर महीने 70 हजार रुपये किराया वसूलता था।
तहसील प्रशासन इन 27 दुकानों को सील कर अतिक्रमण हटाने के लिए पहले ही नोटिस चस्पा कर चुका है। अब शुक्रवार को वाद दायर करने के साथ आरसी जारी हुई है। एसडीएम ने कहा कि एक माह में यदि आरसी की रकम जमा नहीं की गई तो जेल भी भेजने का प्रावधान है। साथ ही वसूली के लिए संपत्ति की कुर्की कार्रवाई भी हो सकती है।