
एफएसडीए की टीम का छापा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने आंवलखेड़ा में मसाले की अवैध फैक्टरी का खुलासा किया है। सियाराम फूड इंडस्ट्रीज नामक इस फैक्ट्री पर छापा मारकर टीम ने 9.33 लाख रुपये से अधिक के बाबा ब्रांड के 1925 किलो मसाले जब्त किए हैं। मिलावट की आशंका पर गरम मसाला, हल्दी, धनिया और मिर्च पाउडर के नमूने लेकर लैब भेजे हैं।
जिला अभिहित अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर टीम ने आंवलखेड़ा स्थित सियाराम फूड इंडस्ट्रीज पर छापा मारा। यहां संचालक प्रशांत गुप्ता निवासी बरौली अहीर से फैक्टरी का लाइसेंस मांगा तो वह दिखा नहीं पाया। पंजीकरण दिखाया जो बीते साल अगस्त में ही एक्सपायर्ड हो चुका था, ये भी नियमानुसार अमान्य था। 10 किलोवाट का बिजली कनेक्शन था। जांच करने पर फैक्टरी में मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर और गरम मसाला से भरी बोरियां मिलीं। दो पैकिंग मशीन और ग्राइंडर लगा था। मसालों को तोलने पर 1925 किलो वजन मिला। बाजार में इसकी कीमत 9.33 लाख रुपये से अधिक है। मसालों को जब्त करते हुए नमूने जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट में फेल होने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
बाबा ब्रांड के 100-100 ग्राम के पैकेट में थे मसाले
जिला अभिहित अधिकारी ने बताया कि छापे में बाबा ब्रांड के 100-100 ग्राम के मसालों के गत्ते के पैकेट बोरियों में भरे हुए थे। एक बोरी में 15 किलो वजन था, जिसमें 150 पैकेट थे। बिना ब्रांड के भी पैकेट थे, जो पॉलीथिन के थे।
ये किया है जब्त:
555 किलो धनिया पाउडर- 1,94,250 रुपये
540 किलो मिर्च पाउडर- 2,97,000 रुपये
615 किलो हल्दी पाउडर-1,84,500 रुपये
215 किलो गरम मसाला-2,58,000 रुपये
इनसे भी लिए नमूने
आनंद जनरल स्टोर खंदारी-सिंघाड़ा आटा, किशमिश
गोपाल डेली नीड्स शास्त्रीपुरम- कुट्टू का आटा
पिज्जा हट सदर बाजार- पनीर
गोपाल डेयरी रुनकता- मिश्रित दूध
गुंजन डेयरी रुनकता- खोवा
महावीर प्रोविजन स्टोर सुल्तानपुरा कैंट- साबूदाना
सिंघल प्रोविजन स्टोर सुल्तानपुरा कैंट- मूंगफली का दाना
ग्रैंड वर्ड पेठा स्टोर बालूगंज- केसर अंगूरी पेठा
बंशी पेठा स्टोर बालूगंज- गुलाब पेठा
सुरेंद्र कुमार गुप्ता इरादत नगर- किशमिश
प्रशांत गुप्ता शमसाबाद- कुट्टू का आटा
धर्म प्रोविजन स्टोर शाहगंज- मूंगफली का दाना, कुट्टू का आटा
समीद ही हट्टी शाहगंज- कुट्टू का आटा
