भदोही जिले में कोडीन कफ सिरप का कारोबार करने वाली फर्मों की मुश्किलें थम नहीं रही हैं। एसआईटी ने वाराणसी की पूर्णा फार्मा की संचालिका के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। उसका पासपोर्ट भी जब्त करने की तैयारी है। पांच अन्य फर्म संचालकों के खिलाफ कोर्ट से एनबीडब्ल्यू जारी कराया जाएगा। इससे पहले पांच फर्म संचालकों के खिलाफ 25-25 हजार का इनाम घोषित किया जा चुका है।
कोडीन कफ सिरप तस्करी गिरोह के सरगना शुभम जायसवाल की शैली ट्रेडर्स रांची से जिले की पांच फर्मों ने 10 करोड़ से अधिक का कारोबार किया था। 18 नवंबर 2025 को लखनऊ से मिले इनपुट के आधार पर खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने चौरी, महराजगंज, भदोही थाने में कफ का कारोबार करने वाली छह फर्मों के पांच संचालकों पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आठ दिसंबर 2025 को एसआईटी के विवेचना अधिकारी की ओर से भदोही के महेंद्र मेडिकल स्टोर के साथ ही महराजगंज, वाराणसी में फर्म के संचालक के प्रतिष्ठान एवं आवास पर नोटिस चस्पा किया गया था। इसमें उपस्थित होने के लिए 15 दिन का समय दिया गया, लेकिन आरोपी उपस्थित नहीं हुए।
इसे भी पढ़ें; UP Accident: हाइवे पर भीषण हादसा, ट्रेलर ने मारी टक्कर; कार सवार पांच दोस्तों में से एक की मौत; चार घायल
18 जनवरी को एसपी ने पांच फर्म संचालकों के खिलाफ 25-25 हजार का इनाम घोषित किया। एसआईटी की जांच में वाराणसी की पूर्णा फार्मा का नाम भी सामने आया है। उसकी संचालिका पूजा तिवारी के पास पासपोर्ट है। एसआईटी को आशंका है कि वह जांच में सहयोग करने के बजाय विदेश भाग सकती है। उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है।
