पंडित जेएन कॉलेज के मैदान पर देर शाम कार से स्टंटबाजी कर रहे एक युवक को अज्ञात युवकों के समूह ने पीट दिया और उसकी कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर चौकी पहुंचाया।
शुक्रवार देर शाम पं. जेएन कॉलेज के मैदान में एक कार चालक तेज रफ्तार से गाड़ी चलाकर स्टंट कर रहा था। इसी दौरान बाइकों पर सवार कुछ अज्ञात युवक वहां पहुंचे और कार चालक से उनकी बहस हो गई। बताया जा रहा है कि बहस जल्द ही मारपीट में बदल गई। अज्ञात युवकों ने कार चालक पर पत्थर और डंडों से हमला कर दिया। हमले के बाद कार चालक ने गाड़ी तेज चलाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार युवकों ने उसे घेर लिया। इसके बाद कार चालक गाड़ी से कूदकर मौके से भाग निकला। हमलावर युवक तब भी नहीं माने और उन्होंने कार को बुरी तरह तोड़फोड़ कर दिया। इसके बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। शहर कोतवाली क्षेत्र के झील का पुरवा निवासी रोहित सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त अनिल राजपूत शुक्रवार की शाम अपनी मां को चित्रकूट ले जाने के लिए कार मांग ले गया था।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार के मालिक को घटना की जानकारी दी और क्षतिग्रस्त कार को टोचिंग कर चौकी ले आई। चौकी प्रभारी आनंद साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार चालक नशे की हालत में था और गाड़ी से स्टंट कर रहा था। इसी बात को लेकर उसका कुछ अज्ञात लोगों से विवाद हुआ। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
