जागरण संवाददाता, एटा। जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकासखंड निधौलीकलां की ग्राम पंचायत बढ़ेरा में जल अर्पण अभियान के तहत ग्रामीण पेयजल योजना का हस्तांतरण ग्राम पंचायत को किया गया। कार्यक्रम में सचिव, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग आदि अधिकारी मौजूद रहे। तैयार कराई गई परियोजना से हजारों ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल मुहैया हो सकेगा।
ग्राम बढ़ेरा में ग्रामीण पेयजल योजना का क्रियान्वयन जल निगम ग्रामीण द्वारा कराया गया है। इस परियोजना की कुल लागत 218.61 लाख रुपये है। योजना का कार्य छह सितंबर 2022 को प्रारंभ हुआ तथा 19 फरवरी 2026 को पूर्ण किया गया। योजना से एक ग्राम को आच्छादित करते हुए 2329 की आबादी को लाभांवित करने का प्राविधान किया गया है। इसके तहत 388 घरेलू जल संयोजन उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही 150 किलोलीटर क्षमता एवं 12 मीटर ऊंचाई के ओवरहेड जलाशय तथा 6.830 किलोमीटर लंबी वितरण प्रणाली का निर्माण किया गया है।
जल निगम द्वारा परियोजना ग्राम पंचायत को हस्तांतरित की गई
जल अर्पण अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा परियोजना ग्राम पंचायत को हस्तांतरित की गई। जल जीवन मिशन के अंतर्गत आगामी 10 वर्षों तक योजना के संचालन एवं अनुरक्षण की व्यवस्था कार्यदायी संस्था के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक एवं अन्य जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल, जल संरक्षण, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा पेयजल स्रोतों की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालक-बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें- आगरा: लंबित चालानों के लिए विशेष लोक अदालत, घर बैठे पेमेंट सेतु ऐप से करें ऑनलाइन भुगतान
डीएम एम. अरुन्मोली ने ग्रामीणों को किया संबोधित
इस अवसर पर जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पेयजल योजना ग्राम पंचायत को हस्तांतरित होने के बाद इसकी सुरक्षा, स्वच्छता एवं बेहतर संचालन की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से निभानी होगी। सभी ग्रामीण पेयजल का सदुपयोग करें, पानी की बर्बादी रोकें तथा जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने एवं योजना के संचालन और रखरखाव की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
