सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के सादाबाद-राया रोड पर 21 फरवरी देर रात गांव मीरपुर के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। रविवार को मृतक की बेटी की छठी होनी थी।

जानकारी के अनुसार हाथरस के मोहल्ला रमनपुर निवासी दीपक उर्फ दीपू (20) बाइक से आगरा से मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव पटैनी जा रहा था। इसी दौरान मीरपुर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल उसके साथी धर्मेंद्र को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए आगरा भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया गया है कि दीपक आगरा की एक जूता फैक्टरी में कार्यरत था। पांच दिन पूर्व ही उसके घर बेटी का जन्म हुआ था और 22 फरवरी को छठी पूजन का कार्यक्रम था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और खुशियां मातम में बदल गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।