आगरा के फतेहाबाद कस्बे में रविवार शाम प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आने वाले पुष्टाहार की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया। तहसीलदार की छापेमारी में एक निजी दुकान से 445 किलो चना दाल बरामद बरामद हुई है। मामले में सीडीपीओ कार्यालय के एक कर्मचारी की संलिप्तता भी सामने आई है।

तहसीलदार फतेहाबाद बबलेश कुमार को रविवार शाम एक वीडियो और फोन के जरिए सूचना मिली कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए आने वाला पुष्टाहार (चना दाल और दलिया) खुलेआम बाजार में बेचा जा रहा है। तहसीलदार ने तत्काल टीम के साथ शमशाबाद रोड पर छापेमारी की। 

तहसीलदार बबलेश कुमार ने बताया पूछताछ के दौरान दुकानदार ने कुबूल किया कि यह सरकारी माल सीडीपीओ कार्यालय के कर्मचारी आशीष कुमार के माध्यम से यहां लाया गया था। हमने बयान दर्ज कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। पकड़े गए माल को तहसीलदार ने सीडीपीओ विनीता शर्मा की सुपुर्दगी में दे दिया है। प्रशासन अब उन ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी कर रहा है, जहां बड़े पैमाने पर सरकारी चावल और अन्य सामग्री छिपाकर रखे जाने की सूचना है।

दोषियों पर होगी कार्रवाई: सीडीपीओ

सीडीपीओ विनीता शर्मा ने पुष्टि की है कि 445 किलो दाल उन्हें सौंपी गई है। इसकी गहन जांच की जा रही है कि यह स्टॉक किस केंद्र का था और इसे बाजार तक कैसे पहुंचाया गया। जांच के बाद दोषियों पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *