आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र में घर के काम करने वाले दंपती अपने मकान मालिक का कीमती सामान चोरी कर रहे थे। सीसीटीवी से मकान मालिक को जानकारी हो गई। उसने आरोपियों से माल बरामद कर दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
ताजनगरी फेस-2 की निवासी शिखा फय्याज कुरैशी ने पुलिस को बताया कि उनके घर में मूल रूप से छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले और वर्तमान में शाहगंज के दौरेठा निवासी राजू और उसकी पत्नी संजना काम करते थे। दोनों को घर की ऊपरी मंजिल पर रहने को कमरा दिया हुआ था। कुछ दिनों से घर में सोने-चांदी के जेवर और रुपये चोरी हो रहे थे। उन्होंने सीसीटीवी लगवा दिए।
रिकॉर्डिंग चेक की तो संजना अलमारी से गहने चोरी करते दिखाई दी। इसके बाद सख्ती करने पर उसने सोने की अंगूठी, चार झुमके, आठ टाॅप्स, नाक की एक लौंग, एक लॉकेट और 19 हजार रुपये बरामद किए। आरोपियों के पास और भी काफी सामान है। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इंस्पेक्टर ताजगंज ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
