UP Crime News: चंदौली में गुरुवार की सुबह दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. दोनों युवकों की हत्या बेहद बेरहमी से की गई थी. किसी के सीने पर गोली का निशान था, तो किसी की कनपटी पर गोली मारी गई थी. दोनों के गले भी धारदार हथियार से रेते गए थे. हत्यारों ने वारदात के बाद शवों को बोरों में भरकर अलग-अलग जगह फेंक दिया. पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती मृतकों की पहचान और हत्या की गुत्थी सुलझाना है.

दो किलोमीटर के दायरे में मिले दो शव

मामला चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा गांव का है. गुरुवार की सुबह ग्रामीण नहर की ओर टहलने निकले थे. इसी दौरान उन्हें एक बंद बोरा दिखाई दिया. बोरे से खून निकल रहा था. ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोला, तो उसमें करीब 32 वर्षीय युवक का शव मिला. युवक की कनपटी पर गोली मारी गई थी. उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान भी थे. शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं.

दूसरे युवक का शव नाले में मिला

पहले शव की बरामदगी के बाद पुलिस को डेढ़गांवा गांव की सीमा के पास एक और शव पड़े होने की सूचना मिली. यह जगह जमानिया की ओर जाने वाले रास्ते पर थी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो नाले में बोरे के अंदर दूसरे युवक का शव मिला. दोनों घटनास्थल करीब दो किलोमीटर के दायरे में हैं. दूसरे युवक के सीने पर गोली मारी गई थी. उसका गला भी धारदार हथियार से रेता गया था. दोनों शवों की हालत ने मामले को गंभीर बना दिया है.

कपड़ों और टैटू से पहचान की कोशिश

पहले मृतक की उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है. उसने काली धारी वाली शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी. उसके बाएं हाथ में घड़ी और दाहिनी कलाई पर रक्षा सूत्र बंधा था. युवक की गोल चेहरे वाली बनावट थी. उसकी काली दाढ़ी-मूंछ थी. दाहिने हाथ पर त्रिशूल और डमरू का टैटू बना हुआ था. पुलिस इन पहचान संबंधी निशानों के आधार पर मृतक की शिनाख्त करने में जुटी है. फिलहाल दोनों युवकों की पहचान नहीं हो सकी है.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच में एसओजी भी

घटना की सूचना मिलने के बाद धीना थानाध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम ने भी घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाए. पुलिस अधीक्षक के अनुसार, दोनों युवकों के शव बरामद हुए हैं और मामले की जांच के लिए एसओजी की टीम लगाई गई है. अब पुलिस मृतकों की पहचान करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या कहां की गई और शवों को नहर व नाले में किसने फेंका.

Also Read: Ballia News: मूर्ति विसर्जन के बाद पसरा मातम, रात में घर नहीं लौटे प्रेमचंद; सुबह तालाब में मिला शव, बिलख उठा परिवार



Source link

अभी अभी की खबरें