कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जल जीवन मिशन की धीमी रफ्तार पर जल निगम अफसर घिर गए। सूखाग्रस्त इलाकों में पानी न आने से नाराज विधायकों के लेटलतीफी की वजह पूछने पर अफसरों ने दो माह की मोहलत मांगते हुए कार्य पूरा कराने का भरोसा दिलाया। बिजली विभाग के काम पर भी असंतोष जताया। प्रभारी मंत्री ने भी खास तौर से बिजली अफसरों को गर्मी के सीजन को देखते हुए अभी से तैयारी पूरी कर लेने के निर्देश दिए।

महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बुधवार को महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति समेत कोर कमेटी एवं जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक की। इस दौरान विधायकों के निशाने पर जल जीवन मिशन समेत बिजली विभाग एवं लोक निर्माण विभाग रहे। गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने बामौर ब्लॉक समेत कई ड्राई इलाकों में अब तक पानी न आने पर नाराजगी जताते हुए इसे जल्द पूरा कराने की जरूरत बताई। लोक निर्माण विभाग के सुस्त कामकाज पर भी नाराजगी जताई। राजमार्ग संख्या-131 पर पूंछ के पास चितगुवां में सेतु निर्माण का कार्य स्वीकृत होने एवं बजट जारी होने के बावजूद एक साल से अटका हुआ है।

बिजली कटौती पर अफसरों से सवाल जवाब

अधिशासी अभियंता इसकी वजह तक नहीं बता सके। बिजली कटौती पर भी विधायकों ने अफसरों को घेरा। पिछले साल गर्मियों में हुई बेतहाशा कटौती का हवाला देते हुए अभी से व्यवस्था दुरुस्त करने का अल्टीमेटम दिया। केदारताई, सिया समेत कई जगहों पर बिजली न दिए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विद्युत संयोजन दिया है तो आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाए। प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने भी बिजली विभाग के काम को पूरा करने के लिए चेताया। विधायक राजीव सिंह पारीछा ने बरुआसागर में पांच किलोमीटर का बाईपास रोड जेडीए परिक्षेत्र में आने की बात कहते हुए इस वजह से आ रही परेशानी की बात कही।

सड़कों को प्राथमिकता से कराएं गड्ढामुक्त

प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत खोदी गई ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र की सड़कों को प्राथमिकता के साथ गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (गोल्डन कार्ड) के तहत हुए लाभार्थियों के इलाज के साथ 5533 अति कुपोषित बच्चों के सापेक्ष 4593 बच्चों के सुधार होने पर संतोष जताया। महिला पॉलिटेक्निक में 403 स्वीकृत सीटों के सापेक्ष प्रवेश संख्या बढ़ाने को कहा। गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति दुरुस्त रखने के लिए ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि कराने को कहा। जल जीवन मिशन के तहत जल संयोजन पूरा करने के निर्देश दिए। 9 निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का काम जल्द पूरा करने को कहा। वीरांगना झलकारी बाई महिला पॉलिटेक्निक में 403 स्वीकृत सीटों के सापेक्ष 286 एवं राजकीय पॉलिटेक्निक में 415 स्वीकृत सीटों के मुकाबले 376 प्रवेश को बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, एमएलसी रमा निरंजन, एमएलसी बाबूलाल तिवारी, डीएम मृदुल चौधरी, एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति, डीएफओ नीरज कुमार आर्य, सीएमओ डाॅ. सुधाकर पांडेय, एडीएम वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पांडेय, महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल समेत अन्य मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *