रसोई गैस की किल्लत अब बढ़ने लगी है। बुकिंग के दो हफ्ते बाद भी सिलिंडर न पहुंचने से कई घरों में भोजन बनाना मुश्किल हो रहा है। मंगलवार को शिवाजी नगर स्थित इंडेन की भदौरिया गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। दफ्तर के शीशे तोड़ दिए। पुलिस मौके पर पहुंची और शांत कराया।
मंगलवार सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में उपभोक्ता शिवाजी नगर कॉलोनी में संचालित भदौरिया गैस एजेंसी पर पहुंचे। उन्हें उम्मीद थी कि उनका नंबर आ गया होगा। लेकिन वहां एजेंसी के कर्मचारी पर्ची देने से इनकार कर रहे थे। कई उपभोक्ताओं को पर्ची नहीं दी गई। इससे कुछ लोग भड़क गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक लड़की से कर्मचारी ने अभद्रता की। इससे वह तैश में आ गई और एजेंसी के दफ्तर में ईंट दे मारी। इससे शीशा टूट गया। नवाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। कई उपभोक्ताओं को थाने ले गई। इधर, कर्मचारियों ने एजेंसी पर ताला डाल दिया।
परेशान रहे उपभोक्ता
एजेंसी के दफ्तर का शटर गिरने के बाद भी तमाम उपभोक्ता घंटों तक बाहर खड़े रहे। उन्हें उम्मीद थी कि पर्ची मिलेगी, लेकिन उम्मीदों पर पानी फिर गया। उपभोक्ता अंशु रानी ने बताया कि उन्होंने आठ दिन पहले बुकिंग की थी। यहां पर्ची लेने आई थीं लेकिन नहीं मिली। बृजेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने 10 दिन पहले बुकिंग की थी फिर भी पर्ची नहीं दी गई। मुकेश जैन ने कहा कि 18 मार्च की बुकिंग है। आरडी फौजी ने बताया कि 11 दिन पहले सिलिंडर बुक किया था। विवेक कुमार ने बताया कि दस दिन से चक्कर लगा रहा हूं। इसी तरह सुनील कुमार का कहना था कि उन्होंने 12 दिन पहले बुकिंग की थी फिर भी पर्ची नहीं दी गई।
48 घंटे में सिलिंडर देने का है नियम
नियम की बात करें तो व्हाट्सएप, मिस्ड कॉल या अन्य तरह से बुकिंग होने पर 48 घंटे में सिलिंडर घर पहुंचना चाहिए। लेकिन इस समय हालात यह है कि 10 दिन बाद भी सिलिंडर नहीं पहुंच रहा है।
गैस एजेंसी पर हंगामा क्यों हुआ, इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है। फिर भी दिखवा रहे हैं कि क्या कारण था जिससे एजेंसी का शटर बंद किया गया।
सौम्या अग्रवाल, जिला आपूर्ति अधिकारी
