132 केवीए हंसारी बिजलीघर पर बुधवार दोपहर तेज धमाके के साथ पीटी (पोटेंशियल ट्रांसफार्मर)में आग लग गई। इससे बिजलीघर पर मौजूद कर्मियों में अफरातफरी का माहौल हो गया। हादसे के कारण आधे शहर और एक सैकड़ा से अधिक गांवों की बिजली ठप हो गई। दो घंटे तक चले मरम्मत कार्य में खराब पीटी को हटाकर नई लगवाई गई। इसके बाद आपूर्ति शुरू हो सकी।

दोपहर 3.15 बजे तेज धमाके के साथ पीटी में आग लग गई। शहर के 33 केवी फीडर मुन्नालाल, जेल चौराहा, सीपरी बाजार, नगरा, नंदनपुरा, जेल चौराहा व रानीमहल की बिजली ठप हो गई। इसके साथ ही बीएचईएल, बबीना, बिजौली और हंसारी क्षेत्र के एक सैकड़ा से अधिक गांव भी प्रभावित रहे। बिजली निगम के अधिकारियों ने शहर के कुछ हिस्सों की आपूर्ति 220 दुनारा पावर हाउस से आई लाइन से जोड़कर आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन पाई। दो घंटे तक यहां की आपूर्ति ठप रही। इसके बाद टीमों ने सुधार कार्य शुरू किया। खराब हुई पीटी को हटाकर दूसरी लगाई गई और आग से क्षतिग्रस्त लाइन को भी बदला गया। दो घंटे तक महानगर के आधे क्षेत्र और कई गांवों की बिजली न आने से उपभोक्ता परेशान रहे।

यह होती है पीटी

पीटी एक प्रकार का ट्रांसफार्मर है जो पावर ट्रांसफार्मर और लाइनों में वोल्टेज नियंत्रित करता है। यह उपकेंद्रों पर स्थापित किया जाता है। अत्यधिक भार पड़ने पर यह फट जाता है। हंसारी बिजलीघर पर लगाई गई पीटी पुरानी बताई गई है। फाल्ट के चलते यह खराब हो गई।

झांसी विद्युत पारेषण खंड के अधिशासी अभियंता विनोद जायसवाल ने बताया कि 132 केवी पारेषण केंद्र पर पीटी खराब होने से दो घंटे तक महानगर के आधे क्षेत्र और एक सैकड़ा गांव की आपूर्ति बाधित रही। पीटी बदलकर शाम को आपूर्ति सुचारु की गई।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *