सीजीएसटी के डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी व दो अधीक्षकों की सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी के बाद अब व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। दोनों फर्म की फाइलें नए सिरे से खुलेंगी और जांच की जाएगी। जांच में टैक्स चोरी उजागर होने पर दोनों व्यापारियों पर कार्रवाई के साथ लंबी वसूली की जाएगी।
शहर के झोकनबाग स्थित जय दुर्गे प्लाइवुड एवं जय अम्बे प्लाईवुड में पिछले माह हुई सीजीएसटी की छापे की कार्रवाई में भारी संख्या में टैक्स चोरी के अलावा अन्य अनियमितताएं पकड़ी गई थीं। सीजीएसटी अफसर फर्म पर कार्रवाई करती, इससे पहले ही व्यापारियों ने सेटिंग कर ली और डेढ़ करोड़ की रिश्वत पर मामला सुलटाने की रणनीति बनाई। इधर सीबीआई ने रिश्वतखोरी में डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी व दो अधीक्षक अनिल कुमार तिवारी व अजय शर्मा की गिरफ्तारी कर सीजीएसटी में कार्रवाई के नाम पर चल रहे घूसखोरी के धंधे को उजागर कर दिया। सीजीएसटी के तीन अफसरों के अलावा दोनों प्वाईवुड फर्म के तीन व्यापारियों व बिचौलिया अधिवक्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। अब फिर दोनों फर्म पर की गई कार्रवाई के अलावा टैक्स चोरी में राहत देने संबंधी फाइलों की नए सिरे से जांच शुरू कर दी है। संवाद
