संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Wed, 13 Dec 2023 12:18 AM IST
अमेठी सिटी। फसल समर्थन मूल्य योजना के तहत धान खरीद का जायजा लेने के लिए मंगलवार को एडीएम अर्पित गुप्ता ने दरपीपुर और हरदो क्रय केंद्राें का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खरीद व भुगतान की जांच करते हुए केंद्र प्रभारी को किसानों से संपर्क कर खरीद लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। एडीएम अर्पित गुप्ता ने क्रय केंद्र पर मौजूद किसानों से खरीद व्यवस्था की जानकारी हासिल की। अब तक खरीदे गए धान, भुगतान व मिलों के भेजने की जांच करते हुए क्रय केंद्र पर मौजूद सुविधाओं का सत्यापन किया। एडीएम ने केंद्र प्रभारियों को किसानों से समन्वय बनाकर अधिक से अधिक धान खरीद करने के निर्देश दिए।
केंद्र प्रभारियों से कहा कि केंद्र पर किसानों को इंतजार न करना पड़े, जिसको जिस दिन का टोकन दिया गया हो उसी दिन खरीद की जाए। किसी भी हालत में क्रय केंद्रों पर किसानों को कोई परेशानी न होने पाए, खरीद के उपरांत भुगतान की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने अभी तक जो धान खरीदा गया है, उसे संबंधित मिलों पर भिजवाने के निर्देश केंद्र प्रभारियों को दिया। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी समेत अन्य संबंधित अफसर मौजूद रहे।
