राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चेचट थाना इलाके के पास रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक और कार की जोरदार भिड़ंत में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। चारों युवक कार में सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। सभी शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
चेचट थाना अधिकारी सुरेंद्र सिंह गोदारा ने बताया कि घटनाक्रम दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चेचट इंटरचेंज के नजदीक हुआ। कार मध्य प्रदेश की तरफ से दिल्ली की ओर जा रही थी। बताया गया है कि ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में कार दुर्घटना का शिकार हो गई और पीछे से ट्रक में जा घुसी।
दो मृतकों की पहचान, दो की शिनाख्त बाकी
हादसे में जिन चार लोगों की मौत हुई है, उनमें से दो की पहचान हो चुकी है, जबकि दो अन्य की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों युवक लखनऊ और कानपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
कार का अगला हिस्सा हुआ चकनाचूर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। बताया जा रहा है कि कार की गति काफी तेज थी, जिसके चलते हादसा हुआ। घटना के बाद ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है तथा ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।
कुछ समय प्रभावित रहा यातायात
हादसे के बाद कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग लगाई और क्षतिग्रस्त कार को सुरक्षित किया, ताकि अन्य वाहन उससे न टकराएं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
