सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में रविवार को दिनभर कोहरा छाया रहा। शीतलहर ने ठिठुरन का अहसास कराया और गलन भी बढ़ गई है। कोहरा और कड़ाके की सर्दी के कारण बरेली के बाद पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी कक्षा एक से आठवीं तक के स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है। बरेली जिले में शनिवार को ही अवकाश का आदेश जारी कर दिया गया था। 29 और 30 दिसंबर को आठवीं तक के स्कूलों में बच्चों की छुट्टी रहेगी। वहीं माध्यमिक स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।
माध्यमिक स्कूलों के समय में बदलाव
प्रदेश में कड़ाके की ठंड और लगातार बढ़ रही शीतलहर को देखते हुए शिक्षा विभाग ने माध्यमिक विद्यालयों के संचालन समय में महत्वपूर्ण परिवर्तन किया है। बरेली के डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, अत्यधिक ठंड और खराब मौसम के चलते विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
अब जिले के सभी माध्यमिक विद्यालय अगले आदेश तक सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक ही संचालित किए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि सभी विद्यालय प्रबंधन इस नई समय सारणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। फिलहाल यह व्यवस्था अग्रिम आदेशों तक लागू रहेगी और मौसम की स्थिति के अनुसार आगे का निर्णय लिया जाएगा।