सीएमओ के अधीन हुए डॉक्टरों के वॉक इन इंटरव्यू में खेल हुआ है। एक से डेढ़ मिनट के अंदर डॉक्टरों का इंटरव्यू लेकर उन्हें चलता कर दिया गया। आरोप है इंटरव्यू कमेटी ने चयन प्रक्रिया में सिर्फ खानापूर्ति किया है। ऐसे में अभ्यर्थियों ने गड़बड़ी का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत डिप्टी सीएम से करने की बात कही है।
मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर खुले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर संविदा पर एमबीबीएस डॉक्टरों के लिए बीते माह सात जनवरी में सीएमओ ऑफिस में वॉक इन इंटरव्यू हुआ था। 55 पद के सापेक्ष 350 डॉक्टर इंटरव्यू में शामिल हुए थे। इसमें निजी मेडिकल कॉलेज से एक से डेढ़ करोड़ रुपये खर्च करके एमबीबीएस करने वाले डॉक्टर भी शामिल हुए थे।
विदेश व निजी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस करने वाले डॉक्टरों को विभाग के कर्मचारियों ने ईडब्लूएस का प्रमाण पत्र बनवाने की सलाह दी। ईडब्लूएस कोटे के जरिय कई अपात्र लोगों ने नौकरी पा लिया है। वहीं इंटरव्यू की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू हुई थी। जो शाम सात बजे तक चली। आठ घंटे में गणना के अनुसार एक मिनट 40 सेकेंड में डॉक्टरों का इंटरव्यू लेकर खानापूर्ति की गई है। ऐसे में अभ्यर्थियों ने गड़बड़ी का आरोप लगाया है।