आगरा में ताजमहल की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। एक व्यक्ति हरियाणा के नंबर की एक स्कूटर बैरियर पार करते हुए पूर्वी गेट तक लेकर गया और वापस भी लौटा। सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे किसी पुलिसकर्मी की नजर स्कूटर पर नहीं पड़ी। रविवार को इसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इसके बाद एसीपी ताज सुरक्षा ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
वायरल फोटो शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। ताजमहल पर ईद की नमाज के दौरान प्रवेश निशुल्क था। इसके बाद भी ताजमहल पर पर्यटकों की भारी भीड़ थी। ताजमहल पर पुलिस के चेकिंग बैरियर से आगे पेट्रोल वाहन प्रतिबंधित हैं। सिर्फ पास धारक और स्थानीय निवासी ही अपना आधार कार्ड दिखाकर वाहन लेकर जा सकते हैं। बैरियर पर 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं और चेकिंग होती है।
इतनी कड़ी सुरक्षा के बाद भी हरियाणा नंबर की लाल रंग की स्कूटर लेकर एक व्यक्ति बैरियर पार कर पूर्वी गेट के पास पहुंच गया। वहीं स्कूटर खड़ी कर काफी देर रुका और वापस लौट गया। किसी जिम्मेदार ने उसे रोका नहीं। फोटो वायरल होने के बाद सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक की चर्चा होने लगी। एसीपी ताज सुरक्षा पियूष कांत राय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है।