रामपुरा, जालौन। थाना रामपुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मानपुरा में एक नाबालिग किशोरी ने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पास से एक संदिग्ध एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जो परिजनों का नहीं बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मानपुरा निवासी 16 वर्षीय राधा पुत्री नरेश कुमार कठेरिया ने बुधवार/गुरुवार की रात अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। बताया गया कि बुधवार को राधा अपनी मां सहित परिवार की अन्य महिलाओं के साथ मजदूरी पर मटर तोड़ने गई थी। देर शाम लगभग 7 बजे घर लौटने के बाद उसने सामान्य रूप से भोजन तैयार किया और पूरे परिवार ने साथ बैठकर खाना खाया।
इसी दौरान मृतका के पिता नरेश कुमार का फोन आने पर उसकी मां उनसे बात करने लगी। उसी समय राधा उठकर अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई तो मां ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद रात में ही पति नरेश कुमार तथा मोहल्ले के लोगों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नरेश कुमार कोंच से घर पहुंचे। उल्लेखनीय है कि नरेश कुमार कोंच नगर में रहकर नमामि गंगे परियोजना में पाइपलाइन प्लंबरिंग का कार्य करते हैं। मृतका का बड़ा भाई गुजरात में मजदूरी करता है, जबकि छोटा भाई घर पर ही रहता है।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अंबुज यादव, थाना प्रभारी रामपुरा इंस्पेक्टर रजत कुमार सिंह, ऊमरी चौकी प्रभारी भरत कुमार सिंह तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए और शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा।
पुलिस को बंद कमरे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिला है, जो परिजनों के अनुसार उनका नहीं है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अंबुज यादव ने बताया कि मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें