जैश-ए-मोहम्मद के फरीदाबाद माड्यूल द्वारा दिल्ली में बम विस्फोट की घटना अंजाम देने के मामले की जांच एनआईए के सुपुर्द करने के बाद यूपी में भी कार्रवाई तेज होती जा रही है। एनआईए के इनपुट पर यूपी एटीएस ने शुक्रवार को आधा दर्जन जिलों के 10 से ज्यादा डॉक्टरों से पूछताछ की है। ये सभी मुख्य आरोपी डॉ. मुजम्मिल, डॉ. शाहीन और डॉ. आदिल के संपर्क में थे। फिलहाल एटीएस ने किसी को भी हिरासत में लेने या गिरफ्तार करने की पुष्टि नहीं की है।

अधिकारियों की मानें तो जिन जिलों के डॉक्टरों से पूछताछ की गई है, उनमें बहराइच, अलीगढ़, नोएडा, सहारनपुर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और मुजफ्फरनगर शामिल हैं। खासकर मुरादाबाद में तीन डॉक्टरों की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर गहनता से जांच की जा रही है। तीनों को राजधानी स्थित एटीएस मुख्यालय भी बुलाया गया है। तीनों डॉ. मुजम्मिल और डॉ. आदिल के संपर्क में थे और दिल्ली की घटना के बाद अपना मोबाइल बंद कर दिया था। तीनों की लोकेशन बीते माह फरीदाबाद में मिली है, जिसकी वजह से उन पर शक गहराता जा रहा है।

एनआईए को सौंपे सुबूत

वहीं दूसरी ओर एटीएस ने डॉ. शाहीन और डॉ. परवेज के घर से बरामद सुबूतों को एनआईए के हवाले कर दिया है। दरअसल, एनआईए ने अभी तक इस प्रकरण को लेकर कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है। एनआईए द्वारा जांच टेकओवर करने के बाद केस प्रॉपर्टी को उनके सुपुर्द किया गया है। जल्द ही सहारनपुर में चिन्हित वाहनों और डॉ. परवेज की कार के बारे में भी एनआईए को रिपोर्ट भेजी जाएगी। बता दें कि डॉ. परवेज की कार जब्त करने के बाद मड़ियांव थाने भेज दी गई थी। सूत्रों की मानें तो एनआईए की एक टीम जल्द यूपी में आकर नए सिरे से पड़ताल करेगी। फिलहाल राजधानी स्थित एनआईए थाने के अधिकारी यूपी एटीएस के साथ मिलकर जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *