डिजिटल युग में दुश्मनी, ब्लैकमेलिंग और माहौल बिगाड़ने के लिए एआई का इस्तेमाल हो रहा है। सबसे अधिक शिकार युवतियां और महिलाएं हैं। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म से सहयोग लेकर पुलिस ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई कर रही है।
डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य कुमार ने बताया कि एआई से काम आसान हो रहा है लेकिन साइबर अपराध भी बढ़े हैं। एआई से वीडियो बनवाकर अफवाह और उन्माद फैलाने के कई मामले सामने आए हैं। महिलाओं और युवतियों की फोटो और वीडियो से छेड़छाड़ कर ब्लैकमेलिंग और रंजिशन बदनाम करने के मामले सबसे ज्यादा हैं। पुलिस की सोशल मीडिया सेल एआई से बने कंटेंट पर नजर रखती है। कोई भी गलत कंटेंट मिलने पर तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाती है। अब केंद्र सरकार ने भी सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर एआई के इस्तेमाल नहीं होने के निर्देश दिए हैं। आने वाले समय में ऐसी अन्य एप्स पर भी विवादित कंटेंट बनाने पर रोक लग सकती है।
केस 1- पिछले सप्ताह एत्माद्दौला क्षेत्र निवासी बीसीए छात्रा के पड़ोस में रहने वाले युवक ऋषभ ने छात्रा के फोटो को एएआई से आपत्तिजनक बनाकर उसे प्रताड़ित कर मिर्च खाने और हाथ काटने जैसे कृत्य करवाए। फोटो परिचितों को भेजकर बदनाम कर दिया। छात्रा के चाचा ने प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोपी को जेल भेजा गया।
केस 2- नवंबर माह में कमलानगर में एक छात्रा के फोटो एआई से आपत्तिजनक बनाकर लिफाफों में रख मोहल्ले के घरों में फेंके गए। जांच के बाद दो युवक गिरफ्तार किए गए। पूछताछ में पता चला कि छात्रा की सहेली ने झगड़ा होने पर अपने बॉयफ्रेंड से फोटो घरों में फिंकवाए थे।
केस 3- अक्तूबर माह में शाहगंज निवासी युवती को अपने नाम की इंस्टाग्राम आईडी पर उसके आपत्तिजनक फोटो पोस्ट होने की जानकारी मिली। पुलिस ने जांच की तो उसके परिचित युवक ने दोस्ती टूटने पर एआई से उसकी तस्वीरें एडिट कर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थीं।
केस 4- एत्माद्दौला में नवीं की छात्रा के भाई गौरव ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि अलीगढ़ में उनके गांव का निवासी गौरव बहन के फोटो एआई से आपत्तिजनक बनाकर परिचितों को भेज रहा था। परिवार को बदनामी के कारण छात्रा की पढ़ाई छुड़वानी पड़ी।
केस – 5 जुलाई माह में सदर क्षेत्र की युवती से छेड़छाड़ के बाद युवकों ने माफी मांगने के बहाने बुलाया। उसकी फोटो खींचकर एआई से आपत्तिजनक बनाई। ब्लैकमेल कर दो लाख रुपये वसूल लिए। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
केस 6- बीते वर्ष सिकंदरा क्षेत्र के युवक ने एएआई से वीडियो बनाकर मुख्यमंत्री और बाबा साहब के बीच कुश्ती का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। उस पर गलत टिप्पणियां की। पुलिस ने सर्च कर प्रोफाइल खोजी और आरोपी पर कार्रवाई की।
कम से कम फोटो करें पोस्ट
डीसीपी ने बताया कि एएआई के गलत इस्तेमाल का शिकार होने से बचने के लिए सोशल मीडिया पर अपनी कम से कम फोटो पोस्ट करें। आईडी को पब्लिक नहीं करें और सीमित परिचित दोस्त ही बनाएं। फोटो की क्वालिटी कम करके ही उसका इस्तेमाल करना चाहिए।
