
पुरानी पेंशन बहाली की मांग अलग-अलग राज्यों में की जा रही है।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन की हीरक जयंती वार्षिक अधिवेशन का समापन शनिवार को चारबाग रेलवे स्टेडियम में हुआ, जहां मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य डा.दिनेश शर्मा रहे। उन्होंने कहाकि मैं पहले लखनऊ का था और अब दिल्ली का हो गया हूं। मैं आपका डाकिया बनकर आया हूं और आपकी बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाऊंगा। केंद्र सरकार आपकी मांगों पर सार्थक निर्णय लेगी।
इससे पूर्व यूनियन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्र ने पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कहाकि इसे लेकर रेलकर्मियों की ओर से चरणबद्ध अभियान चलाया जाएगा। एक से 15 नवंबर तक लखनऊ सहित देशभर के सभी स्टेशनों पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
जनवरी में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर देशव्यापी हड़ताल की जाएगी। इससे पहले नौ नवंबर को मुंबई में होने वाले आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के राष्ट्रीय अधिवेशन में रूपरेखा तय की जाएगी। कर्मचारियों को हड़ताल के लिए राजी करने के बाद 21 और 22 नवंबर को गुप्त मतदान भी कराया जाएगा। अधिवेशन में उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू कश्मीर से रेलकर्मी शामिल हुए। वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने वीडियो संदेश के माध्यम से सभी को हीरक जयंती की बधाई दी।
