बदायूं के सहसवान क्षेत्र से बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बस स्टैंड के पास स्थित एक निजी पैथालॉजी में कराए गए अल्ट्रासाउंड में ऐसी रिपोर्ट सामने आई, जिसे देखकर डॉक्टर हैरान रह गए। इसमें एक पुरुष मरीज के पेट में ‘बच्चेदानी’ (यूट्रस) दिखाई गई। इसको लेकर मरीज और उनके परिजन भी हैरान हैं।
सहसवान क्षेत्र के समसपुर निवासी नेम सिंह पेट दर्द की समस्या को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने निजी पैथालॉजी लैब में अल्ट्रासाउंड जांच कराई। लेकिन जब रिपोर्ट हाथ में आई, तो उसमें ऐसी बात लिखी थी, जो चिकित्सा विज्ञान के अनुसार संभव नहीं है।
यह भी पढ़ें- कार्ड दिखाओ, सिलिंडर पाओ: यूपी के इस जिले में शादी समारोह के लिए नई व्यवस्था लागू, जानिए पूरी प्रक्रिया
रिपोर्ट में साफ तौर पर दर्शाया गया कि उनके पेट में बच्चेदानी है। वह रिपोर्ट को लेकर दहगवां के सरकारी अस्पताल पर पहुंचे तो वहां पर तैनात डॉक्टर रिपोर्ट देखकर हैरान हो गए। उन्होंने तुरंत मरीज को रिपोर्ट लेकर जिला अस्पताल या दिल्ली में जाकर इलाज कराने के लिए कहा।