
पुलिस की पाठशाला
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कोई डॉक्टर तो कोई इंजीनियर बनना चाहता है। मगर, सफलता के लिए कड़ी मेहनत और लगन की जरूरत होती है। स्कूल-कॉलेज में पढ़ाई का जो समय है, वो बहुत महत्वपूर्ण है। उसे बर्बाद नहीं जाने दें। यह फिर कभी लौटकर नहीं आएगा। पढ़ाई के लिए घंटे नहीं, बल्कि लक्ष्य तय करें। ये बातें एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने कहीं। वो बृहस्पतिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शाहगंज स्थित तुलसी देवी गर्ल्स इंटर काॅलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला में छात्राओं को संबोधित कर रहे थे।
एसीपी ने छात्राओं से एक शिक्षक की तरह सवाल किए। उन्हें पुलिसिंग की जानकारी दी। समझाया कि किसी तरह की समस्या होने पर पुलिस की सहायता लें। राह चलते कोई पीछा करता है तो महिला हेल्प लाइन नंबर 1090 पर कॉल करें। बिना थाने बुलाए पुलिस आपकी सहायता करेगी। यातायात नियमों का पालन करें।
राह चलते ही नहीं, इंटरनेट पर भी होता है पीछा
पाठशाला में साइबर सेल के निरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार, एसआई सुबोध मान, हेड कांस्टेबल सनी और कांस्टेबल धर्मेंद्र मौजूद थे। एसआई सुबोध मान ने छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि वर्चुअल दुनिया में बहुत खतरा है। सावधान रहें। राह चलते ही नहीं, इंटरनेट पर भी कोई आपका पीछा कर सकता है। अपनी निजी जानकारी किसी को नहीं देनी चाहिए। पासवर्ड को अक्षर, अंक और विशेष वर्ण के साथ मजबूत बनाएं। सोशल मीडिया आईडी पर दोहरा सत्यापन रखें। गूगल पर खोज करते समय जानकारी की सत्यता भी पता कर लें। दुनिया में कोई भी चीज मुफ्त में नहीं मिलती है। लाॅटरी, नौकरी के लिए रुपये मांगने वालों की बातों में नहीं आएं।
जान बचाने वाला हेलमेट पहनें
यातायात पुलिस के एक्सपर्ट हेड कांस्टेबल विष्णु शर्मा ने बताया कि आगरा में सबसे ज्यादा मौतें दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहनने से होती हैं। चालान बचाने वाला नहीं, बल्कि जान बचाने वाला हेलमेट पहनें। लाइसेंस के बिना वाहन नहीं चलाएं। लाल, हरी और पीली लाइट का मतलब जानें। साइकिल चलाने वालों के लिए भी ट्रैफिक नियम हैं। सड़क पर पैदल चलते समय सिर्फ यह न सोचें कि वाहन चलाने वाले ही हादसे का शिकार होते हैं, पैदल जाने वालों की भी जान दूसरे वाहनों की चपेट में आने से जा सकती है।
सवालों का जवाब दिया, पाया पुरस्कार
कालेज की प्रधानाचार्य गीता लाल, समाजसेवी सुनील कर्मचंदानी, हेमंत भोजवानी, एंटी रोमियो स्क्वाॅयड की टीम के एसआई धनपाल सिंह, एसआई पूनम त्यागी, सिपाही सोनम तेवतिया व दीक्षा शर्मा मौजूद रहीं। पाठशाला में छात्राओं से सवाल-जवाब किए गए। सही जवाब देने वाली श्वेता वर्मा, दीक्षा शर्मा, मेहरून निशा, सपना, मुस्कान, यूसुफ, अंशिका श्रीवास्तव, दिया सिंह, सानिया खान, मोहिनी शर्मा, नैंसी को अमर उजाला की ओर से पुस्तक भेंट की गईं। प्रधानाचार्य ने छात्राओं से कहा कि वो पुलिस की पाठशाला में मिली जानकारी का खुद तो उपयोग करें, बल्कि परिवार और परिचितों से भी साझा करें।
