उत्तर प्रदेश में दरोगा (नागरिक पुलिस) सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा के पहले दिन शनिवार को आगरा में स्नातक का छात्र ठगी करता हुआ पकड़ा गया। पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने टेलीग्राम पर चैनल बनाकर पुलिस भर्ती का पेपर उपलब्ध कराने के नाम ठगी करने के आरोप में न्यू आगरा क्षेत्र निवासी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, दो दिन चलने वाली इस परीक्षा के लिए यूपी पुलिस, एसटीएफ व अन्य एजेंसियां सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखे हुए थीं। इसी दौरान टेलीग्राम पर यूपी एसआई यूपी पुलिस-2026, रिजल्ट पैनल प्राइवेट और यूपी एसआई परीक्षा प्रश्नपत्र-2026 नाम से चैनल चलाकर परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के संदेश प्रसारित होने की जानकारी मिली। इस पर एसटीएफ ने आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र की इंजीनियर्स कॉलोनी से आयुष बघेल को गिरफ्तार किया। एसटीएफ के अनुसार आरोपी टेलीग्राम के माध्यम से यह अफवाह फैला रहा था कि भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो गया है। इसके बाद वह अभ्यर्थियों को फर्जी प्रश्नपत्र भेजकर उनसे पैसे वसूलता था। उसने अभ्यर्थियों से ऑनलाइन अपने बैंक खाते में रकम ली थी, जिसके साक्ष्य एसटीएफ को मिले हैं। आरोपी आयुष स्नातक का छात्र बताया जा रहा है।
राजस्थान से भी तीन आरोपी धरे
पुलिस ने परीक्षा की शुचिता भंग करने के प्रयासों के मामले में सात एफआईआर दर्ज की है। लखनऊ के हुसैनगंज थाने में आईटी एक्ट और उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। वहीं, राजस्थान के सवाई माधोपुर से सुमित मीणा, शाहिल और साजिद को पकड़ा है। पूछताछ में पता चला कि सुमेर सिंह नाम के शख्स से अन्य तीनों आरोपियों को ठगी का काम सौंपा था। रुपयों के साथ प्री एक्टिवेटेड सिम भी दिए थे। सुमेर सिंह की तलाश जारी है। इन तीनों के खिलाफ वहीं के साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
पेपर लीक की फैलाई अफवाह
इसके अलावा पुलिस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) यूजर @isinghniharika के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। इसने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) के पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए लखनऊ, बलिया और वाराणसी के परीक्षा केंद्रों पर पेपर लीक होने का दावा किया था। अब तक दर्ज सात मामलों में एक एफआईआर एक्स यूजर के खिलाफ है, जबकि अन्य छह मामले टेलीग्राम चैनलों और एक यूट्यूब चैनल के खिलाफ दर्ज किए गए हैं। यूपीएसआई पुलिस-2026, रिजल्ट पैनल प्रा.लि., यूपी एसआई एग्जाम पेपर यूपी एसआई-2026, यूपी एसआई एग्जाम पेपर एग्जाम लीक, सीबीएसई वाल्लाह और यूपीएसआई एग्जाम 2026 एडमिन पंकज सर00 और यूट्यूब चैनल @VIRATVISIONK के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।
