बरेली के इज्जतनगर इलाके में युवती ने अपने ही घर में फंदे से लटक कर जान दे दी। वह निजी अस्पताल में नर्स थी और बदायूं निवासी युवक से हाल ही में प्रेम विवाह किया था। शव के पास सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराने की बात लिखी है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम हाउस पर मिले सीबीगंज इलाके के युवक ने बताया कि उनके माता-पिता की काफी साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपने मामा के घर इज्जतनगर की एक कॉलोनी में रहने लगे। अब उनके मामा और मामी की भी मौत हो चुकी है। परिवार में वह और उसकी बहन बचे थे।
बहन ने जीएनएम कोर्स करने के बाद इज्जतनगर के ही एक अस्पताल में नौकरी शुरू कर दी। इसी अस्पताल के एक कर्मचारी से बहन के संबंध हो गए। बदायूं निवासी इस युवक से 15 दिन पहले बहन ने कोर्ट मैरिज कर ली। वह कुछ दिन बदायूं में पति के साथ रही, फिर घर आ गई थी। उसने बृहस्पतिवार रात घर में ही फंदा लगाकर जान दे दी।