शिवानी त्यागी, आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में चुनावी ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर 3 शिक्षकों पर कार्रवाई हो गई है. यहां फार्म-6 में जीरो प्रगति मिलने पर विभाग ने ऐक्शन लिया है. ऐसा आदेश बेसिक शिक्षा विभाग ने जारी किया है. तीनों की नवंबर महीने की सैलरी और मानदेय को रोक लिया गया है.
फाइल फोटो
आगरा में 87 कैंटोनमेंट विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचन कार्य में लापरवाही का मामला सामने आया है. यहां दो सहायक अध्यापिकाओं और एक शिक्षामित्र पर कार्रवाई की गई है. उनके नवंबर महीने का वेतन और मानदेय अवरुद्ध कर दिया गया है.
आगरा के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह ने इस बारे में आज आदेश जारी किया. इसमें बिचपुरी विकास खंड के तहत बसूला प्राथमिक विद्यालय की सहायक अध्यापक शिवाली अग्रवाल, रजरई प्राथमिक विद्यालय की सहायक अध्यापक राजश्री यादव, ताजगंज-1 प्राथमिक विद्यालय की शिक्षामित्र आरती शर्मा के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं.
BSA की तरफ से जारी आदेश के अनुसार फॉर्म-6 में शून्य प्रगति और निर्वाचन कार्य में लापरवाही किए जाने के लिए यह ऐक्शन लिया गया है.
