
फ्रांसीसी पर्यटक की मौत
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा के फतेहपुर सीकरी में तुर्की सुल्ताना के महल के बरामदे में लगी जर्जर रेलिंग टूटने से गिरीं फ्रांस की पर्यटक अस्मा बूद्ज्शाकाद्शी की मौत सिर में गहरी चोट लगने से हुई थी। शुक्रवार को डाॅक्टरों के पैनल ने उनके शव का पोस्टमार्टम किया। उनके खून का नमूना सुरक्षित रखा गया है। 24 घंटे बाद शव पति को सौंपा गया। वह शाम तकरीबन 4:30 बजे विशेष एंबुलेंस से दिल्ली के लिए चले गए। शनिवार शाम को विमान से फ्रांस ले जाएंगे।
फ्रांस के 25 पर्यटकों का दल एआर ट्रेवल हाउस, दिल्ली की बस से जयपुर का भ्रमण कर बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न 11 बजे फतेहपुर सीकरी पहुंचा था। इसी दल में अस्मा पति बेन येलेस के साथ आईं थीं। दोपहर 12:45 बजे फतेहपुर सीकरी में महल के बरामदे में लगी जर्जर रेलिंग टूटने से वो गिर पड़ी थीं। उनका सिर फर्श से टकराया था। अपराह्न 3:45 बजे सिकंदरा स्थित एक अस्पताल में उनको लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह 8 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हुई। नगर निगम से मृत्यु प्रमाणपत्र भी बनवाया गया। दोपहर में 12:45 बजे से 1:45 बजे के बीच दो चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। वीडियोग्राफी भी कराई।
