वित्तीय वर्ष 2026-27 में कमिश्नरी पुलिस के सात थानों के भवन, बैरक, आवासीय परिसर, अधिकारी आवास बनेंगे। इसके लिए पूर्व में प्रस्ताव भेजा गया था। बुधवार को प्रदेश सरकार के बजट में नए भवन और आवासीय परिसर के लिए अनुमानित 185 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है। शहर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या और मिशन शक्ति केंद्रों के संसाधनों को बढ़ाने का अलग बजट निर्धारित किया गया है।
मौजूदा समय में कमिश्नरी पुलिस के 192.86 करोड़ रुपये की लागत से 20 निर्माण कार्य चल रहे है, जिनमें अरौल, बिल्हौर, साढ़, घाटमपुर, रेउना, सेन परिश्चम पारा के नए थाने और आवासीय भवन शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों और स्टाफ के आवासीय टावर का निर्माण चल रहा है। यह कलक्टरगंज, फजलगंज, टीपी लाइन परिसर में बन रहे हैं। पुलिस मुख्यालय में बेकनगंज, फजलगंज, सजेती, बिधनू, शिवराजपुर, सचेंडी, नर्वल थाने और आवासीय भवन, फायर स्टेशन की मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। इसके लिए अनुमानित 185 करोड़ रुपये बुधवार को जारी हुए बजट में स्वीकृत हो गए हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त हेडक्वार्टर व अपराध संकल्प शर्मा ने बताया कि लगभग 185 करोड़ के बजट में सिर्फ निर्माण कार्य शामिल हैं। नए सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, मिशन शक्ति, महिला बीट पुलिसिंग आदि के संसाधन बढ़ाने के लिए अलग बजट मिला है। इसका निर्धारण कराया जा रहा है।
