बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च को हुई दो अफसरों की हत्या के बाद प्रशासन अब आरोपियों और उनके परिजनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के पिता राजेश सिंह और ताऊ राकेश सिंह पर ग्राम समाज की 24 बीघा तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा कर उसे पाटने का गंभीर मामला सामने आया है। इस प्रकरण में राजस्व विभाग ने विधिक कार्रवाई शुरू करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लेखपाल हेम सिंह की ओर से दायर शिकायत के आधार पर सोमवार को दातागंज तहसीलदार न्यायालय में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही उन्हें नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे को जल्द हटाया जाएगा।
एसडीएम स्तर पर की गई जांच में यह पुष्टि हुई कि ग्राम समाज के तालाब की भूमि को व्यवस्थित तरीके से पाटकर कब्जा किया गया था। यह जमीन सार्वजनिक उपयोग के लिए चिन्हित थी, जिसे अवैध रूप से समाप्त कर निजी उपयोग में लाने की कोशिश की गई। जांच रिपोर्ट सामने आते ही राजस्व विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
