बदायूं के सैजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में बीते 12 मार्च को उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता व सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह समेत तीन लोगों को जेल भेजा जा चुका है। मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के लिए मृतक हर्षित मिश्रा के परिजन बृहस्पतिवार को पुलिस सुरक्षा के बीच पीलीभीत के पूरनपुर से एसएसपी बदायूं के आवास पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने ने एसएसपी अंकिता शर्मा से मिलकर इस मामले की प्रगति जानी व अपनी तरफ से भी कई जानकारियां दी।
हर्षित के पिता सुशील मिश्रा का आरोप है कि इस मामले में कंपनी के एक बड़े अधिकारी की भूमिका है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि एसएसपी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है।
कंपनी के बड़े अधिकारी पर लगाया आरोप
एसएसपी से मिलने पहुंचे हर्षित के पिता सुशील मिश्रा, मां रानी मिश्रा, छोटे बेटे वैभव व मृतक की पत्नी सुमति, मामा समेत अन्य परिजनों ने अपनी बात रखी। अन्य आरोपियों को जल्द से गिरफ्तार करने की मांग की गई। सुशील ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस मामले में कंपनी के बड़े अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस घटना में उनकी पूरी भूमिका है। उन्हीं के इशारे पर यह हत्याकांड हुआ है ऐसे में उनको भी जेल भेजा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एक प्रभावशाली व्यक्ति का सरंक्षण आरोपियों को प्राप्त है। ऐसे में जांच सही से होना चाहिए। इस पर एसएसपी ने कहा है कि जांच में जो दोषी मिलेगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। यह लोग दिन में करीब डेढ़ बजे पुलिस स्कार्ट के साथ एसएसपी आवास पहुंचे इसके बाद करीब डेढ़ घंटे रूकने के बाद तीन बजे पीलीभीत के लिए रवाना हुए। इनकी दो कारों को स्कार्ट करने के लिए बदायूं पुलिस सक्रिय रही। जबकि साथ में पुलिस के सुरक्षा कर्मी भी रहे।
