तीन साल से दोनों पक्षों में तनातनी का माहौल
गांव नवादा बिलसंडी के दो यादव परिवारों के बीच तीन साल से तनातनी का माहौल था। मनोज यादव ने बताया कि गांव के मौजूदा प्रधान रामरहीश यादव के भतीजे सुमित ने वर्ष 2023 में उनके परिवार की एक युवती के साथ अभद्रता की थी। वह लोग शिकायत करने सुमित के घर गए तो आरोपी पक्ष ने उल्टा उन्हीं लोगों की पिटाई कर दी थी। तब वह लोग थाने पहुंचे। पुलिस ने असली आरोप में मामला दर्ज करने के बजाय सामान्य मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली। इस मामले में भी आरोपियों को हल्की कार्रवाई करके बख्श दिया गया। पुलिस की ढीली कार्रवाई से आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए।
यह था पूरा घटनाक्रम
गांव नवादा बिलसंडी में मोबाइल फोन की किस्त के विवाद में सोमवार शाम एलएलबी के छात्र योगेश यादव (21) की पेट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। योगेश के भाई मनोज यादव की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान रामरहीश, रामऔतार, राम खिलाड़ी, पीके यादव व सुमित उर्फ नन्हे के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
चोकर लेने जा रहा था योगेश
योगेश के भाई अधिवक्ता मनोज कुमार सोमवार देर रात फरीदपुर सिविल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण भदौरिया व अन्य अधिवक्ताओं के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका भाई योगेश सोमवार को एलएलबी का पेपर देकर आया था। घर आने के बाद योगेश व धीरेंद्र जानवरों के लिए चोकर लेने गांव के अड्डे पर गए थे। इसी दौरान रास्ते में घेर कर ग्राम प्रधान रामरहीश व अन्य आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। यह भी बताया कि उन्होंने आरोपी पक्ष के खिलाफ वर्ष 2023 में मारपीट की रिपोर्ट कराई थी। इसको लेकर विपक्षी रंजिश मान रहे थे। इसी बात लेकर वारदात को अंजाम दिया गया।




