वाराणसी जिले के अर्दली बाजार के टैगोर टाउन में आईपीएल में हो रही सट्टेबाजी का कैंट पुलिस और एसओजी-2 ने शुक्रवार सुबह भंड़ाफोड़ किया। सट्टेबाजी में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 30 हजार रुपये और पांच मोबाइल मिले।
क्या है पूरा मामला
कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में गणेश नगर कॉलोनी निवासी संजय राय, विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी अर्दली बाजार निवासी मृनाल सिंह, नारायणपुर शिवपुर निवासी अभिषेक सिंह और डीआईजी कॉलोनी निवासी विश्वजीत सिंह उर्फ शानू हैं।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह पहली बार ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े हैं। वेबसाइट और एप से सट्टेबाजी कर रहे थे। सट्टेबाजी के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। आरोपियों के व्हाट्सएप चैट और रिकॉर्डिंग में कई लोगों के नाम कोड भाषा में लिखे मिले हैं। कुछ को आरोपियों ने डिलीट भी कर दिया है, जिसे रिकवर कराया जाएगा।
