बाराबंकी जिले रामनगर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात करीब 9:30 बजे फतेहपुर जाने वाले मार्ग पर एक तेज रफ्तार डंपर पुल की रेलिंग तोड़ता हुआ करीब 25 फीट नीचे रेलवे लाइन पर जा गिरा। उस दौरा अमृतसर से बिहार जा रही गरीब रथ सुपरफास्ट एक्सप्रेस चपेट में आने से बाल बाल बच गई। डंपर चालक मलबे में दबा है पुलिस और स्थानीय लोग राहत और बचाव कार्य में लगे हैं।
बाराबंकी की ओर से आई ट्रेन बुढ़वल रेलवे स्टेशन से गोंडा की ओर बढ़ रही थी। न अचानक एक तेज़ धमाके की आवाज़ के साथ झटका महसूस हुआ। पैसेंजर घबरा गए और कोचों में अफरा-तफरी फैल गई। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक लिया।
ट्रेन रुकते ही यात्री घबराए हुए बाहर निकले। यात्रियों के मुताबिक ट्रेन तेजी से चल रही थी तभी जोरदार धमाका हुआ और अचानक ब्रेक लग गए। बाहर देखा तो पता चला कि एक डंपर रेलवे ट्रैक पर गिरा पड़ा है।
डंपर का चालक भारी मलबे में फंसा हुआ है। उसे निकालने के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों द्वारा राहत-बचाव कार्य जारी है। मौके पर सीओ गरिमा पंत, कोतवाल अनिल कुमार पांडेय सहित भारी पुलिस बल मौजूद है। ट्रैक पर दुर्घटनाग्रस्त डंपर होने के कारण रेल संचालन भी प्रभावित हुआ है। पुलिस के मुताबिक, प्राथमिकता चालक को सुरक्षित निकालने और लाइन को जल्द से जल्द क्लियर कराने की है ताकि रेल यातायात सामान्य हो सके।
