मुरसान कस्बे में 8 फरवरी को सड़क हादसे में बालक यश की मौत के बाद हुए बवाल के बाद से पुलिस मोहल्ला किला मढ़ैया में लगातार दबिश दे रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने घरों में तोड़फोड़ भी की है। पुलिस कार्रवाई के डर से लोग घरों पर ताले लगाकर भाग गए हैं। कुछ घरों में डरी-सहमी महिलाएं ही नजर आ रही हैं। लोग काम पर नहीं जा रहे और मोहल्ले व कस्बे में ढकेल तक नहीं लगी।

मोहल्ले में पुलिस तैनात है। 10 फरवरी को पुलिस ने पैदल मार्च भी किया है। इस मामले में 51 नामजद व 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। लोगों को डर है कि कहीं अज्ञात में उनका नाम शामिल न हो जाए। बच्चे और महिलाएं भी दहशत में हैं।

मोहल्ला किला मढ़ैया में मंगलवार को सन्नाटा पसरा रहा। मृतक बच्चे के घर पर गिने-चुने लोग मिले। दादी शकुंतला का रो-रो कर बुरा हाल था। आस-पास के घरों पर ताले लटके नजर आए। मोहल्ले के अलावा कस्बे में यहां के लोग ढकेल लगाते हैं। लोग सब्जी, नाश्ता, फल आदि की ढकेल रेलवे स्टेशन के सामने लगाते हैं। यह जगह पूरी तरह खाली पड़ी हुई है। इन्हें डर है कि पुलिस कहीं इन्हें भी गिरफ्तार न कर लें।

यह थी घटना

रविवार की दोपहर किला मढ़ैया में घर के बाहर खेल रहे ढाई साल के मासूम यश की कार की चपेट में आकर मौत हो गई थी। घटना से गुस्साए लोगों ने थाने को घेरकर मथुरा रोड पर जाम लगा दिया था। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया तो थाने पर पथराव कर दिया। इस घटना में एसएचओ सहित सात पुलिस कर्मियों के चोट आई थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *